बुधवार, 2 फ़रवरी 2022

शमी का पौधा घर में किस दिशा में और किस दिन लगाना शुभ होता है

शमी का पौधा हमेशा शनिवार के दिन लगाना शुभ होता है। दशहरे के दिन शमी का पौधा घर में लगाना बहुत ही शुभ माना जाता है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि शमी का पौधा कभी भी घर के अंदर नहीं लगाना चाहिए। शमी के पौधे को हमेशा घर के गार्डन या बालकनी में ही लगाना शुभ होता है।

घर के मुख्य द्वार पर शमी का पौधा लगाना काफी शुभ होता है। दिशा की बात करें तो घर से बाहर जाते समय यह पौधा आपके दाई ओर होना चाहिए। घर की छत पर जब भी शमी का पौधा लगाएं तो इस बात का ध्यान रखें कि यह दक्षिण दिशा में हो। यदि संभव हो तो इसे पूर्व दिशा में भी लगा सकते हैं।

विस्तार से पढ़ें- शमी का पौधा किस दिशा में लगाना चाहिए? जानिए शमी के फायदे के बारे में

मंगलवार, 4 जनवरी 2022

केजरीवाल सरकार दिल्ली में नहीं लगाएगी टोटल लॉकडाउन, जानें क्या है प्लान

दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच लॉकडाउन की खबरें आने लगी हैं। हालांकि केजरीवाल सरकार ने साफ किया है कि दिल्ली में फिलहाल संपूर्ण लॉकडाउन नहीं लगने वाला है। दिल्ली में आज कोरोना के अभी तक 5500 नए मामले दर्ज किए गए। दिल्ली के स्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राजधानी में कोरोना महामारी की संक्रमण दर 8.5% है। उन्होंने बताया कि कल दिल्ली में 4011 केस रिपोर्ट हुए थे और पॉजिटिविटी दर 4.63 फीसदी और साथ ही एक मौत हुई थी।

बता दें कि भारत में कोरोना के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। देश में कई हिस्सों में कोरोना का विस्फोट फिर से होने लगा है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। बीजेपी नेता मनोज तिवारी भी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने परिवार में कोरोना संक्रमण मिलने के बाद क्वारंटीन हो गई हैं। 

शुक्रवार, 20 अगस्त 2010

Hindi Khabar : सांसदों की तनख्वाह होगी 50 हजार रुपये, वेतन में बढ़ोतरी को कैबिनेट की मंजूरी

सांसदों की तनख्वाह होगी 50 हजार रुपये, वेतन में बढ़ोतरी को कैबिनेट की मंजूरी

नई दिल्ली। कैबिनेट ने सांसदों के वेतन में बढ़ोतरी की सिफारिश को मंजूर कर लिया है। हालांकि सांसदों का नया वेतन 50 हजार रुपये ही होगा जबकि संयुक्त संसदीय समिति ने सांसदों का वेतन 80001 रुपये करने की सिफारिश की थी। इस तरह सांसदों के वेतन में लगभग 300 फीसदी के इंक्रीमेंट का रास्ता साफ हो गया है।

शुक्रवार को कैबिनेट ने सांसदों के वेतन बढ़ोतरी के प्रस्‍ताव को मंजूरी दे दी। इससे पहले सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में मतभेद के चलते यह फैसला टाल दिया गया था। लेकिन इसके बाद राजद और सपा ने संसद में इसका भारी विरोध किया। राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने तो यहां तक कह दिया कि जो लोग सांसदों का वेतन बढ़ाने का विरोध कर रहे हैं, उनके स्विस बैंक में खाते हैं।

सोमवार को कैबिनेट में कुछ मंत्रियों ने सुझाव दिया था कि इस बाबत कोई भी फैसला बाहरी विशेषज्ञों की समिति या समूह बनाकर उसकी राय लेने के बाद ही होना चाहिए। केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम, सूचना-प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी, आप्रवासी मामलों के मंत्री वायलार रवि और रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कैबिनेट बैठक में आम लोगों के बीच गलत संदेश जाने का अंदेशा जताया था। लेकिन शुक्रवार को कैबिनेट ने प्रस्‍ताव को हरी झंडी दे दी। अब प्रस्‍ताव संसद में रखा जाएगा, जहां से इसके पारित होने को लेकर कोई संदेह नहीं है। इसके बाद सांसदों को 16000 रुपये हर महीने के बजाय 50000 रुपये हर महीने मूल वेतन मिलेगा।

संयुक्त संसदीय समिति ने सुझाव दिया था कि सांसदों का वेतन सचिव स्तर के अधिकारियों से 1 रूपया ज्यादा होना चाहिए। सचिवों को फिलहाल 80,000 रुपए मासिक वेतन मिलता है। लेकिन वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी वेतन बढ़ाने के प्रस्ताव पर तो सहमत थे लेकिन वित्तीय अड़चनों का हवाला देते हुए उन्होंने इसे जेपीसी के सुझाव के अनुरूप पूरी तरह मानने से इनकार कर दिया था।

फिलहाल सांसदों को 16,000 रुपए मूल मासिक वेतन मिलता है। सांसदों को इसके अलावा संसद के सत्र के दौरान हर दिन 1,000 रुपए का विशेष भत्ता और 20,000 रुपए संसदीय क्षेत्र भत्ता के रूप में भी दिए जाते हैं। दिल्‍ली में निवास, हवाई व रेल यात्रा, बिजली, फोन आदि की सुविधा भी दी जाती है।

Hindi Khabar : पाकिस्तान ने कबूल किए 50 लाख डॉलर, कुरैशी ने की भारत की तारीफ

पाकिस्तान ने कबूल किए 50 लाख डॉलर, कुरैशी ने की भारत की तारीफ

न्यूयॉर्क। बाढ़ से बेहाल पाकिस्तान ने भारत की ओर से मदद के तौर पर 50 लाख डॉलर देने की पेशकश को कबूल करने की बात कही है। न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी भारत सरकार की तारीफ़ करते हुए कहा कि “पाकिस्तान ने उसूली तौर पर भारत की मदद की पेशकश को कबूल करने का फ़ैसला कर लिया है। अब उसके बारे में जो कागज़ी कार्रवाई है वह अभी करना बाक़ी है।”

गुरूवार को ही भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से फोन पर बातकर मदद की पेशकश दोहराई थी। उसी के बाद पाकिस्तानी सरकार ने भारत की मदद स्वीकार करने का फैसला किया।

गौरतलब है कि करीब एक हफ़्ते पहले भारत सरकार ने पाकिस्तान के लिए 50 लाख डॉलर की रकम बतौर मदद देने की पेशकश की थी जिसके जवाब में पाकिस्तानी सरकार ने भारत का शुक्रिया तो अदा किया था लेकिन इस मदद को स्वीकार करने पर सोच-विचार करने की बात कही थी।

उधर अमरीका ने भारत के पाकिस्तान को आर्थिक सहायता देने की पेशकश का स्वागत करते हुए कहा है कि भारत की ओर से उठाया गया यह बहुत अच्छा कदम है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए अमरीका के विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रुक ने कहा, “भारत की की पेशकश से मैं बहुत खुश हूं। यह एक अच्छा कदम है।”

Hindi Khabar : बगावत पर उतरे टेनिस सितारे

Hindi Khabar : बगावत पर उतरे टेनिस सितारे

नई दिल्ली.NNI.20अगस्त। बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर भारत के चोटी के खिलाड़ियों के राष्ट्रमंडल खेलों से हटने की धमकी देने से इनकार करने के बाद अखिल भारतीय टेनिस संघ [एआईटीए] को शुक्रवार को शर्मसार होना पड़ा जब यह प्रकाश में आया कि चार मुख्य टेनिस खिलाड़ियों ने हटने की धमकी दी है।

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए लिएंडर पेस, महेश भूपति, सोमदेव देववर्मन और रोहन बोपन्ना की पुरुष टेनिस टीम ने एआईटीए को पत्र लिखा है कि अगर अगले महीने तक उन्हें भुगतान नहीं किया गया तो 'उनमें से कोई भी अक्टूबर में होने वाले खेलों के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा।' राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए भूपति को मामूली रकम के अलावा किसी खिलाड़ी को एक पैसा भी नहीं मिला है। एक दिन पूर्व ही संभावित बहिष्कार से इनकार करने वाले एआईटीए महासचिव अनिल खन्ना ने आज यह स्वीकार किया और कहा कि खेल मंत्रालय के साथ बात चल रही है और एक हफ्ते के अंदर इस मामले को सुलझा लिया जाएगा। खन्ना ने कहा, 'सरकार खिलाड़ियों के प्रति संवेदनशील है और मुझे उम्मीद है कि एक हफ्ते के भीतर हल निकल आएगा।' खन्ना ने आज खेल मंत्रालय के अधिकारियों के साथ मुलाकात की लेकिन इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। उन्होंने हालांकि कहा कि इस मामले में प्रगति हुई है और सभी खिलाड़ी खेलों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

खिलाड़ियों को खन्ना द्वारा लिखे पत्र के मुताबिक एआईटीए ने खेल मंत्रालय को चारों पुरुष खिलाड़ियों और सानिया मिर्जा प्रत्येक को उनकी तैयारी के लिए 17,250 डालर देने को कहा है। यह राशि दो साल के लिए है और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए खिलाड़ी को साल में 75 दिन के लिए प्रतिदिन 115 डालर मिलने वाली राशि के सरकार के नियम के मुताबिक है। एआईटीए इस बात पर भी जोर दे रहा है कि खिलाड़ियों को साल में कम से कम 180 दिन और अधिकतम 280 दिन के लिए भुगतान हो।

सरकार ने हालांकि कथित तौर पर यह कहते हुए इस प्रस्ताव को नकार दिया कि वे टेनिस खिलाड़ियों के लिए नियम नहीं बदल सकते। सरकार चाहती है कि खिलाड़ी अपने होटल बिल, हवाई टिकट और अन्य खर्चो के वास्तविक बिल दें जो खिलाड़ियों के लिए मुश्किल हैं क्योंकि वह काफी यात्रा करते हैं और जटिल सरकारी प्रक्रिया में नहीं पड़ना चाहते।

खन्ना ने खिलाड़ियों को लिखा है, 'हमने सरकार को सुझाव दिया कि हमारे पास खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय टेनिस खेलने का सबूत है इसलिए हमें बिल की मांग नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह काफी मुश्किल काम है और खिलाड़ी अपने सहायक स्टाफ को भी साथ ले जाते हैं इसलिए वह अपनी जेब से काफी अधिक राशि का भुगतान करते हैं।'

राष्ट्रमंडल खेलों की राशि के भुगतान के अलावा खिलाड़ियों ने पत्र में एशियाई खेलों और ओलंपिक के लिए राशि के भुगतान में विलंब की भी शिकायत की है और वे यह भी चाहते हैं कि राष्ट्रमंडल खेलों के लिए डेविस कप की तरह सहायक स्टाफ मिले। खन्ना ने कहा कि इस राशि के भुगतान की स्वीकृति देने में एआईटीए की कोई भूमिका नहीं है क्योंकि इन टूर्नामेंटों के लिए राशि को भारतीय ओलंपिक संघ से स्वीकृति मिलनी चाहिए और वे केवल खिलाड़ियों की तरफ से संबंधित अधिकारियों के साथ बात कर सकते हैं। खिलाड़ियों ने अपने पत्र में साफ कर दिया है कि डेविस कप मुकाबलों को लेकर एआईटीए की ओर से कोई भुगतान लंबित नहीं है।

Hindi Khabar : हादसे नहीं विध्वंसक कार्रवाई का शिकार हुई थी ज्ञानेश्वरीएक्सप्रेस:ममता

Hindi Khabar : हादसे नहीं विध्वंसक कार्रवाई का शिकार हुई थी ज्ञानेश्वरीएक्सप्रेस:ममता

नई दिल्ली. NNI.20अगस्त। रेल मंत्री ममता बनर्जी ने आज फिर दोहराया कि ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस किसी हादसे का नहीं बल्कि विध्वंसक कार्रवाई का शिकार हुई थी।

सुश्री बनर्जी ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के जवाब में कहा ..इस मामले की जांच की जा रही है लेकिन पहली नजर में यह विध्वंसक कार्रवाई का मामला लगता है।

उनसे पूछा गया था कि इस दुर्घटना की जांच के क्या परिणाम मिले हैं और क्या यह सही है कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों ने लालगढ में हुई उस रैली में भाग लिया था जिसमें रेल मंत्री ने भी भाषण दिया था।सुश्री बनर्जी ने कहा कि वैसे यह राजनीतिक प्रश्न है लेकिन फिर भी वह इसका उत्तर देंगी। उन्होंने कहा कि इससे जुड़ी किसी भी चीज का उनकी रैली से कोई वास्ता नहीं है।

Hindi Khabar : राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सोनिया ने दी स्व.राजीव गांधी को श्रद्धांजलि

Hindi Khabar : राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सोनिया ने दी स्व.राजीव गांधी को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली.NNI.20अगस्त। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को वीर भूमि पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 66वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह दिन सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जा रहा है और इसके बाद 20 अगस्त से तीन सितम्बर तक सामाजिक एकता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।

सद्भावना दिवस का उद्देश्य धर्म, जाति, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव बिना राष्ट्रीय एकता और सद्भाव को बढ़ावा देना है। राजीव की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरम्बदूर में हत्या हो गई थी। वह 1984 से 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।

Hindi Khabar : देश में क्रिकेट मैचों की प्रायोजक बनी एयरटेल

देश में क्रिकेट मैचों की प्रायोजक बनी एयरटेल

मुंबई.NNI.20अगस्त। देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी-भारती एयरटेल ने भारत में 2010 से 2013 तक होने वाले सभी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों का प्रायोजक संबंधी करार अपने नाम कर लिया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की विज्ञप्ति के मुताबिक एयरटेल ने भारत में होने वाले प्रत्येक एकदिवसीय, टेस्ट और ट्वेंटी-20 मैच के लिए प्रति मैच 3.33 करोड़ रुपये की बोली लगाई।

तीन वर्ष के अंतराल में भारतीय टीम को अपने देश में लगभग 50 मैच खेलने हैं और इस लिहाज से एयरटेल को इस करार के बदले बीसीसीआई को लगभग 165 करोड़ रुपये देने होंगे।

इस करार के लिए कुल 10 कंपनियों ने आवेदन किया था। इनमें आइडिया सेल्युलर, फोन निर्माता कंपनी-कार्बन और माइक्रोमैक्स प्रमुख हैं। भारत में पहली बार तीन वर्ष के अंतराल में होने वाले सभी क्रिकेट मैचों के लिए एक आधिकारिक प्रायोजक हासिल हुआ है।

रविवार, 15 अगस्त 2010

Hindi Khabar : स्वतंत्रता दिवस की ढेरों बधाइयां, मनमोहन ने 7वीं बार फहराया तिरंगा

Hindi Khabar : स्वतंत्रता दिवस की ढेरों बधाइयां, मनमोहन ने 7वीं बार फहराया तिरंगा

नई दिल्ली. NNI. 15 अगस्त। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 64वें स्वतंत्रता दिवस पर आज दिल्ली के लाल किले पर तिरंगा फहराया। इस साल 7वीं बार तिरंगा फहराते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को स्वतंत्रता की बधाई दी। इस ऐतिहासिक मौके पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कई खास घोषणाएं की। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित देश के कई गणमान्य नेता लाल किले पर मौजूद थे।
भारी सुरक्षा के बीच राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के लेह में बादल फटने से हुए लोगों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए लद्दाख के जल्द में जल्द पुनर्वास के लिए हर संभव मदद देने की घोषणा की।

राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन को देश के लिए गौरवपूर्ण अवसर करार देते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विश्वास जताया कि देशवासी इसे राष्ट्रीय त्योहार के रूप में लेंगे और इसके सफल आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल हमारे देश, खासकर दिल्लीवासियों के लिए एक गौरवपूर्ण अवसर है। मुझे विश्वास है कि देशवासी राष्ट्रीय त्योहार के रूप में इसे लेने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों का सफल आयोजन विश्व को इशारा होगा कि हमारा देश किस आत्मविश्वास के साथ विकास के रास्ते पर आगे चल रहा है।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश के 64वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले के प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए महंगाई पर कहा कि सरकार इस पर काबू पाने के लिए हर संभव उपाय कर रही है। कृषि के क्षेत्र में सरकार ने सरकारी निवेश पर जोर दिया और पैदावार बढ़ाने की कोशिश की। इसके लिए जिला स्तर पर प्रयास किए गए। पिछले कुछ सालों में कृषि विकास की दर में बढ़ोतरी हुई है लेकिन हम लक्ष्य से अभी भी दूर हैं। हमें और कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है ताकि कृषि विकास की दर 4 फीसदी तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने महंगाई पर कहा कि मुझे पता है कि आप बढ़ती कीमतों से परेशान हैं। गरीब जनता पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है। जब अनाज और सब्जियों के दाम बढ़ते हैं तो इसका सबसे ज्यादा बोझ गरीब भाइयों पर पड़ता हैं।
उन्होंने कहा कि हम महंगाई को कम करने की हर मुमकिन कोशिश में लगे हैं। हमें पूरा भरोसा है कि हम जल्द ही इसमें सफल होंगे। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में पिछले दिनों की गई भढ़ोतरी को उचित ठहराते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और देश की अर्थव्यवस्था के लिए इसका बोझ उठाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि हम अपनी जरूरतों का 80 फीसदी पेट्रोलियम का आयात करते हैं।

प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद पर कहा कि ये एक गंभीर समस्या है। उन्होंने हिंसा का रास्ता अख्तियार करने वाले नक्सलियों से सख्ती से निपटने की बात कही। उन्होंने लाल किला से राष्ट्र को संबोधित करते हुए नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़ देश के विकास में भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि नक्सल समस्या से निपटने के लिए केंद्र और राज्यों को एक जुट होकर काम करना होगा। देश के प्राकृतिक संसाधनों के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों को बचाना जरूरी है।

जम्मू-कश्मीर में जारी हिंसा पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। जम्मू-कश्मीर में हिंसा से कुछ हासिल नहीं होने वाला है। भारतीय लोकतंत्र देश के किसी भी हिस्से और गुट की मुश्किलों को हल कर सकने में सक्षम है।

देश में सूखे के हालात और मंदी पर उन्होंने कहा कि सरकार ने डट के इन कठिन परिस्थियों का सामना किया। साथ ही देश की आर्थिक विकास दर के बारे में बताया कि आर्थिक विकास दर दुनिया के कई देशों से बेहतर रही है। भारत को दुनिया के तेज आर्थिक विकास वाले देश में गिना जाता है। दुनिया में हमारा सम्मान किया जाता है। हमारी बात अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुनी जाती है।

Hindi Khabar : हिंसा छोड़ कर बातचीत करें आतंकी, लाल किले से प्रधानमंत्री ने की अपील

हिंसा छोड़ कर बातचीत करें आतंकी, लाल किले से प्रधानमंत्री ने की अपील

नई दिल्ली. NNI. 15 अगस्त। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश के 64वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए आज लाल किला से कहा है कि जम्मू-कश्मीर में सालों से चले आ रहे खून-खराबे का अब अंत होना चाहिए। कश्मीर को देश का अभिन्न अंग बताते हुए उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़ने वाले सभी व्यक्तियों और समूहों से वह बातचीत को तैयार हैं।

देश के 64वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हिंसा का रास्ता छोड़ने वाले सभी व्यक्तियों-समूहों से हम वार्ता को तैयार हैं। कश्मीर देश का अभिन्न अंग है। इस ढांचे में सत्ता में सबकी भागीदारी हो और सबका कल्याण हो, इस दिशा में हम वार्ता के लिए आगे बढ़ने को तैयार हैं।

हाल के दिनों में जम्मू-श्मीर में हिंसा में मारे गए लोगों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री ने ऐसी घटनाओं पर खेद जताया और कहा कि जम्मू-कश्मीर में खून खराबे का दौर अब खत्म होना चाहिए। इस हिंसा से किसी को फायदा नहीं होने वाला है। हमारे लोकतंत्र में किसी भी क्षेत्र या समूह की चिंताओं का समाधान करने की क्षमता है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों के साथ मेरी बैठक हुई। हम बातचीत की इस प्रक्रिया को आगे ले जाना चाहते हैं। मैं जम्मू -कश्मीर के लोगों से कहना चाहता हूं कि वे अपने और देश के विकास में हमारे साथ हाथ मिलाते हुए लोकतांत्रिक तौर तरीकों को अपनाएं।

Hindi Khabar : शीला के भाषण के दौरान बच्चे हुए बेहोश, CM खड़ी थीं छतरी के नीचे

शीला के भाषण के दौरान बच्चे हुए बेहोश, CM खड़ी थीं छतरी के नीचे

दिल्ली. NNI. 15 अगस्त। देश के 64वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली के अंबेडकर स्टेडियम में शामिल हुए कई बच्चे तेज धूप की वजह से बेहोश हो गए। इन बच्चों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि तेज धूप में मुख्यमंत्री ने खुद छाते के नीचे खड़ी थी।

दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह में तेज धूप ने खलबली मचा दी। गर्मी की वजह से कई स्कूली बच्चे बेहोश हो गए। दिल्ली की मुख्यमंत्री तिरंगा फहराने के बाद भाषण दे रहीं थी, इस दौरान तेज धूप के चलते कई बच्चे अचानक गिरने लगे। एनसीसी के कैडेट्स को भी खड़े रहने में दिक्कत हो रही थी। बच्चों को बेहोशी के आलम में नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन बच्चों को अस्पताल में दाखिल किया गया है। बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है। ये समारोह अंबेडकर स्टेडियम में हो रहा था। समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली के लोगों को संबोधित कर रही थी और अपने सरकार की उपलब्धियां गिनवा रही थी।

शुक्रवार, 13 अगस्त 2010

Hindi Khabar : गरीबों को मुफ्त अनाज बांटा जाए, केन्द्र सरकार को सुप्रीम कोर्ट का आदेश

गरीबों को मुफ्त अनाज बांटा जाए, केन्द्र सरकार को सुप्रीम कोर्ट का आदेश

नई दिल्ली.एनएनआई.12अगस्त। सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार को गरीबी की रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को मुफ्त अनाज बांटने को कहा है। न्यायालय ने गुरुवार को राज्य सरकारों से यह भी पूछा कि गरीबी की रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवारों को 35 किलोग्राम अनाज मुहैया करवाया जा रहा है या नहीं। यह अनाज उन्हें केंद्र सरकार आवंटित करती है।

न्यायमूर्ति दलवीर भंडारी और न्यायमूर्ति दीपक वर्मा की खंडपीठ ने यह निर्देश उस समय दिया जब केंद्र सरकार ने कहा कि वह राज्यों में गरीबी की रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले प्रत्येक परिवार के लिए 35 किलोग्राम अनाज आवंटित कर रही है।

Hindi Khabar : प्रियंका चोपड़ा को किस करने में डरते हैं नील नितिन मुकेश, आया पसीना

प्रियंका चोपड़ा को किस करने में डरते हैं नील नितिन मुकेश, आया पसीना

नई दिल्ली.NNI.12अगस्त। फिल्मों में जब लव मेकिंग सींस करने की बात आती है तो नील नितिन मुकेश को अभी काफी कुछ सीखने की जरुरत हैहाल ही में प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म सात खून माफ़ में एक इंटिमेट सीन फिल्माने में नील को पसीना आ गयाइस फिल्म की शूटिंग इन दिनों कुर्ग(कर्नाटक) में चल रही है

इस अंतरंग द्रश्य को फिल्माने में प्रियंका को तो कोई परेशानी नहीं हुई मगर नील काफी कंफर्टेबल हो गएनील का कहना था की शूटिंग के दौरान उन्हें प्रियंका के साथ ज्यादा वक़्त बिताने का मौका नहीं मिलावह जैसे ही फिल्म की शूटिंग करने कुर्ग पहुंचे इस सीन को फिल्माने के लिया कहा गया

उन्हें रिहर्सल करने का भी मौका नही मिला इसलिए वह थोड़ा असहज हो गएगौरतलब है कि इस फिल्म में नील प्रियंका के सात पतियों में से के भूमिका निभा रहे हैंयह फिल्म रस्किन बांड की किताब सुज़ाना सेवन पर आधारित है जिसमें नायिका अपने सातों पतियों की हत्या कर देती है

Hindi Khabar : वनडे को 4 हिस्सों में बांटा, सचिन के फॉर्मूले को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनाया

वनडे को 4 हिस्सों में बांटा, सचिन के फॉर्मूले को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनाया

मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया). 12 अगस्त। वर्ल्ड क्रिकेट में रिकॉर्ड्स का अंबार लगा रहे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम अब क्रिकेट की दुनिया का एक नया अविष्कार जुड़ने वाला है। एक ऐसा अविष्कार जिसे ईजाद किया सचिन ने और अब उसे सलाम कर रहा है वर्ल्ड क्रिकेट में बदलाव के लिए मशहूर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया। दरअसल कुछ वक्त पहले टी-20 की बढ़ती लोकप्रियता ने वनडे क्रिकेट के अस्तित्व पर सवाल खड़े कर दिए थे। इससे निपटने के लिए सचिन ने निकाला एक सुपरहिट फॉर्मूला। सचिन के फॉर्मूले के मुताबिक वन डे को भी टेस्ट की तर्ज पर चार पारियों में बांट देना चाहिए जिसमें हर पारी में 25 ओवर फेंके जाएंगे यानी खेल पूरे 100 ओवर का और रोमांच टी-20 से भी ज्यादा।

सचिन का ये फॉर्मूला क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इतना भाया कि उसने अपने घरेलू मैच में इस फॉर्मूले को आजमाने का मन बना लिया। हालांकि सीए ने सचिन के फॉर्मूले में बदलाव करते हुए 25 ओवरों की पारी की बजाय एक पारी को 20 ओवर तक ही सीमित रखा जिसमें दो खिलाड़ियों को ही शुरुआती 5 ओवरों में 30 यार्ड सर्किल से बाहर रखने की इजाजत थी।

ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टीमों साउथ ऑस्ट्रेलिया रेडबेक्स और तस्मानिया टाइगर्स के बीच खेले गए इस मैच में दोनों टीमों को 20-20 ओवर्स की दो पारियां खेलने का मौका मिला जिसे टाइगर्स ने 8.3 ओवर्स बाकी रहते ही जीत लिया। सीए के मुताबिक क्रिकेट के इस नए फॉर्मेंट से युवा खिलाड़ी काफी उत्साहित हैं और पहले मैच की सफलता के बाद सीए सचिन के इस फॉर्मूले को कुछ और मैचों में भी आजमाने की सोच रहा है।

मंगलवार, 10 अगस्त 2010

Hindi Khabar : न्यूज़ीलैंड से 200 रनों से हारी टीम इंडिया, सिर्फ 88 रनों पर धोनी की पूरी टीम आऊट

न्यूज़ीलैंड से 200 रनों से हारी टीम इंडिया, सिर्फ 88 रनों पर धोनी की पूरी टीम आऊट

दाम्बुला (श्रीलंका). NNI. 10 अगस्त। दाम्बुला के रांगिरी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला के पहले मैच में टीम इंडिया को 200 रनों से हार मिली है। न्यूज़ीलैंड के 288 रनों के स्कोर के जवाब में धोनी के धुरंधरों ने हथियार डाल दिए हैं और पूरी टीम सिर्फ 88 रनों पर पवैलियन लौट गई।

इसके पहले न्यूजीलैंड ने कप्तान रॉस टेलर और स्कॉट स्टायरिश की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 48.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 288 रनों का स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से आशीष नेहरा ने 4, प्रवीण कुमार ने 3 और युवराज सिंह एवं प्रज्ञान ओझा ने एक-एक विकेट लिया।

289 रनों की चुनौती लेकर खेलने उतरे भारतीय बल्लेबाज़ों ने न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों के आगे घुटने टेक दिए। पूरी की पूरी टीम सिर्फ 29.3 गेंदों पर 88 रन बना कर आउट गई। वीरेन्द्र सहवाग 19, दिनेश कार्तिक 14 और रवीन्द्र जाडेजा ने 20 रन बनाए जबकि बाकी के सभी बल्लेबाज़ दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाए।
रोहित शर्मा और सुरेश रैना ने 4-4 रन बनाए। कप्तान धोनी ने महज 2 रन बनाए। युवराज सिंह ने 5 और प्रवीण कुमार ने 1 रन बनाया। अभिमन्यु मिथुन और आशीष नेहरा ने 4-4 रन बनाए जबकि प्रज्ञान ओझा शून्य पर नॉट आउट रहे।

भारतीय टीम जहां इस मैच में अपने कुछ खास सितारों के बगैर उतरी वहीं न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियमसन अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे हैं। न्यूजीलैंड की कप्तानी धुरंधर बल्लेबाज टेलर के हाथ में है। नियमित कप्तान डेनियल विटोरी और विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम इस श्रृंखला में नहीं खेल रहे हैं। दोनों पिता बनने वाले हैं। इस श्रृंखला के लिए भारत ने सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह और गौतम गंभीर को आराम दिया था। चोट के कारण ईशांत शर्मा इस मैच से बाहर रहे।

सोमवार, 9 अगस्त 2010

Hindi Khabar : उगाही के लिए बनाया सेक्स वीडियो, 21 साल की लड़की की काली करतूत

उगाही के लिए बनाया सेक्स वीडियो, 21 साल की लड़की की काली करतूत

नई दिल्ली. NNI. 9 अगस्त। क्रिकेट मैचों पर सट्टेबाजी में भारी रकम गंवा चुके एक कारोबारी ने नुकसान की भरपाई के लिए एक नायाब रास्ता खोज लिया। उसने एक लड़की से सांठगांठ कर दूसरे कारोबारी को जाल में फंसाकर उसका सेक्स विडियो तैयार कर लिया। लेकिन 30 लाख रुपये की उगाही करने के दौरान लड़की समेत चार मुलजिम गिरफ्तार कर लिए गए।
ये वारदात आउटर दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में हुई। यहां मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक के सामान बनाने की फैक्ट्री के मालिक की जान-पहचान राहुल गोयल (24) से थी। राहुल गोयल पीतमपुरा में रहता है। वह नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक पाइप बनाने की फैक्ट्री का मालिक है। राहुल को क्रिकेट मैचों पर सट्टेबाज़ी का शौक था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया वाले बिजनेसमैन से हुई थी। इस सट्टेबाजी में उसे लाखों का नुकसान हो गया। इसके अलावा उसे इन्वेस्टमेंट में भी नुकसान उठाना पड़ा।

राहुल अपनी आर्थिक हालत को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहा था। उसे मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया वाले बिजनेसमैन की याद आ गई। राहुल को मालूम था कि उनकी माली हालत बहुत बढि़या है। राहुल ने उन्हें किसी तरह फंसाकर उनसे उगाही का प्लान तैयार किया। उस योजना को अमली जामा पहनाने के लिए किसी लड़की की जरूरत थी। राहुल की जान-पहचान आनंद पर्वत में रहने वाली सोनम (बदला नाम, 21 साल) से थी। उसने सोनम से बात की। वह पैसा लेकर उसके प्लान में शामिल होने के लिए तैयार हो गई।

प्लान का पहला चरण पूरा होने के बाद राहुल ने अपने रिश्ते के भाई आशीष अग्रवाल से बात की। सरस्वती विहार में रहने वाला आशीष शाहबाद डेरी इलाके में कॉल सेंटर चलाता है। वह और राहुल आपस में अच्छे दोस्त भी थे। राहुल की प्लानिंग उसे बहुत पसंद आई। वह भी शामिल हो गया। अब इन तीनों को स्पाई कैमरे और फर्जी आईडी पर लिए गए सिम कार्डों की जरूरत थी। विनोद अरोड़ा पश्चिम विहार के डीडीए मार्केट में मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान चलाता है। राहुल ने उसे अपना प्लान बताया। वह भी इसमें शामिल होने के लिए तैयार हो गया। विनोद ने फर्जी पहचान पत्रों के आधार पर कई सिम कार्ड राहुल को मुहैया करा दिए।

जुलाई में सोनम ने टारगेट किए गए बिजनेसमैन के मोबाइल नंबर पर मिस कॉल की। थोड़ी देर बाद उधर से कॉल आ गई। सोनम ने उन्हें मीठी - मीठी बातों में उलझा लिया। सोनम की उम्मीद से उलट उस नौजवान ने जाल में फंसने में ज्यादा वक्त नहीं लगाया। रेस्तराओं में मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया , जो जल्द ही होटल के बंद कमरे तक पहुंच गया। मिस्ड कॉल से शुरू हुई इस दास्तान को प्रशांत विहार के होटल के कमरे तब पहुंचने में महज सात दिन लगे। प्रशांत विहार के होटल के कमरे में राहुल ने पहले ही तैयारी कर ली थी। इस होटल का प्रस्ताव लड़की ने किया था , जिसे युवा बिजनेसमैन ने खुशी - खुशी मान लिया। कमरे में दोनों के क्रियाकलाप को स्पाई कैमरे ने रिकॉर्ड कर लिया। यह कैमरा स्कोडा कार की चाबी की चेन में फिट किया गया था। लड़की को राहुल ने पेमेंट दे दिया।

अब शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का सिलसिला। सोनम ने उस बिजनेसमैन को एक सेलफोन गिफ्ट भिजवाया। उस फोन के मेमरी कार्ड में उस विडियो का कुछ हिस्सा लोड था। उसे देखते ही उस बिजनेसमैन को असलियत की जानकारी हुई। अब सोनम, राहुल और आशीष ने उसे 30 लाख रुपये देने को कहा। रकम न देने पर विडियो उसके घर भेजने की धमकी दी गई।

उस बिजनेसमैन ने क्राइम ब्रांच में कंप्लेंट दी। अडिशनल कमिश्नर नीरज ठाकुर के मुताबिक , क्राइम ब्रांच ने एक्सटॉर्शन और आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस से सलाह कर वह बिजेनसमैन 50 हजार रुपये की पहली किस्त देने को तैयार हो गया। इसी दौरान इंस्पेक्टर जितेंद्र कुंडू की टीम ने रोहिणी में राहुल गोयल , सोनम और आशीष अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। तीनों राहुल की होंडा सिटी कार में सवार होकर रकम लेने आए थे। बाद में विनोद अरोड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कार की चाबी में छिपाया गया स्पाई कैमरा, लैपटॉप, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और विडियो रिकॉर्डिंग भी जब्त कर ली गई है।

Hindi Khabar : CWG में मजदूरों के भेष में आ सकते हैं आतंकी, दिल्ली पुलिस का अलर्ट

CWG में मजदूरों के भेष में आ सकते हैं आतंकी, दिल्ली पुलिस का अलर्ट

नई दिल्ली. NNI. 9 अगस्त। महाघोटाले के आरोपों में फंसी कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजन समिति के लिए दिल्ली पुलिस ने एक और मुश्किल खड़ी कर दी है। दिल्ली पुलिस के ताज़ा फरमान ने स्टेडियम के भीतर चल रहे काम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक हर रोज आ रहे नए मजदूरों की भीड़ से सुरक्षा को खतरा है। भीड़ के शामिल होकर कोई आतंकवादी या नक्सली भी छिप कर स्टेडियम में दाखिल हो सकता है।

कॉमनवेल्थ गेम्स शुरू होने में कुछ ही दिन का वक्त रह गया है। लेकिन काम अधूरे पड़े हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक हर रोज आ रहे नए मजदूरों की भीड़ में कोई आतंकवादी या नक्सली भी छिप कर स्टेडियम में दाखिल हो सकता है। यही वजह है कि पुलिस ने बिना पहचान पत्र के किसी भी मजदूर के स्टेडियम में घुसने पर पाबंदी लगा दी है। हर ठेकेदार के सभी मजदूरों की जांच करना आयोजन समिति को नामुमकिन लग रहा है। ऐसे में सवाल ये खड़ा हो गया है कि अधूरे काम पूरे कैसे होंगे।

दिल्ली पुलिस के दूसरे फरमान ने भी आयोजन समिति के लिए मुश्किल खड़ी कर दी हैं। 23 करोड़ रुपए के खर्च पर लाए गए लाखों गमले स्टेडियम में लगने थे। लेकिन सुरक्षा का हवाला देते हुए पुलिस ने स्टेडियम के भीतर गमले लगाने से मना कर दिया है। नतीजा ये कि स्टेडियमों को खूबसूरत बनाने की योजना भी खटाई में पड़ गई है।

Hindi Khabar : मेट्रो ट्रेन में तमंचा लेकर घुसने वाला गिरफ्तार, पुलिसिया पूछताछ जारी

मेट्रो ट्रेन में तमंचा लेकर घुसने वाला गिरफ्तार, पुलिसिया पूछताछ जारी

नई दिल्ली, 9 अगस्त। दिल्ली पुलिस ने मेट्रो ट्रेन में हथियार लेकर घुसने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी शख्स का नाम सरदार प्रभु सिंह है और वो रविवार करीब 9 बजे तिलक नगर मेट्रो स्टेशन में देसी तमंचे के साथ घुसने की फिराक में था।

लेकिन जैसे ही उसका सामान एक्सरे मशीन के नीचे आया वहां तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने उसे पकड़ लिया। सीआईएसएफ ने प्रभु सिंह को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।

प्रभु सिंह ने तमंचे को कपड़ों की कई तहों के बीच में छिपा कर रखा हुआ था। ऊपर से पॉलीथीन का मोटी खोल भी चढ़ाया हुआ था। जानकारों की मानें तो प्रभु सिंह को पहले से पता था कि मेट्रो स्टेशन पर एक्स-रे मशीनें लगी होती हैं और उसने मशीन को चकमा देने की नीयत से तमंचे के ऊपर कपड़े और पॉलीथीन को लपेटा हुआ था।
अब आरोपी प्रभु सिंह पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस उससे पूछताछ कर ये पता लगाने में जुटी है कि आखिरकार वो हथियार कहां से लाया और उसका मकसद क्या था?

Hindi Khabar : ममता बैनर्जी ने माओवादियों से सांठगांठ कर ली है, CPM का संगीन आरोप

ममता बैनर्जी ने माओवादियों से सांठगांठ कर ली है, CPM का संगीन आरोप

कोलकाता. NNI. 9 अगस्त। तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने मांग की है कि सरकार लालगढ़ में तैनात सुरक्षा बल तत्‍काल वापस बुलाए। साथ ही, उन्‍होंने माओवादियों से हिंसा छोड़ कर सरकार से बातचीत के लिए सामने आने की भी अपील की। दीदी ने इस बयान पर वाल दल लाल हो गए हैं। CPM नेताओं ने ममता बैनर्जी पर नक्सलियों के साथ सांठ-गांठ के भी आरोप मढ़ दिए हैं।

दीदी ने अपनी रैली में कहा है कि बातचीत की प्रक्रिया आज से ही शुरू होनी चाहिए। ममता पश्चिम बंगाल में नक्सलियों के गढ़, लालगढ़ में रैली को संबोधित कर रहीं थीं। सभा को नक्सलियों ने पूरा समर्थन दिया। मंच पर सरकार और नक्सलियों के बीच धुरी बन रहे स्वामी अग्निवेश, मेधा पाटकर और प्रख्यात लेखिका महाश्वेता देवी आदि भी मौजूद थे। दिल्‍ली में वामपंथी सांसदों ने सदन में कहा कि ममता की रैली नक्‍सलियों की मदद से आयोजित की गई, सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।

इसी बीच पुलिस ने रैली स्थल के पास से पीसीपीए के चार नेताओं को गिरफ्तार किया। सुशील महतो को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार किया है। पहले वह पुलिस हिरासत से भाग निकला था। तीन दूसरे नेताओं को वसूली के आरोप में पकड़ा गया है।

सीपीएम नेताओं ने लोकसभा में दो बार रैली का मामला उठाया। लोकसभा में पार्टी के ए संपत ने शून्यकाल के दौरान मामला उठाते हुए कहा कि सरकार का एक घटक दल नक्सलियों के समर्थन से रैली कर रहा है। सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए। प्रश्नकाल में भी वाम दलों ने यह मामला उठाया।

Hindi Khabar : दिल्ली में आठवीं की छात्रा से बलात्कार, 4 महीने का गर्भ ठहरा

दिल्ली में आठवीं की छात्रा से बलात्कार, 4 महीने का गर्भ ठहरा

नई दिल्ली. NNI. 09अगस्त। आठवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ दो युवकों द्वारा बलात्कार करने का मामला सामने आया है। दोनों युवक छात्रा को डरा-धमका कर पिछले तीन महीने से बलात्कार कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का पता तब चला जब छात्रा के पेट में अचानक दर्द उठा। मेडिकल जांच में उसके पेट में चार माह के गर्भ का खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग बसईदारा पुर स्थित एक नर्सिग होम में हंगामा कर रहें है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि एक चौदह साल की लड़की का इस नर्सिग होम में गर्भपात करवाया गया है।

इस बात की जानकारी होने पर रविवार को लड़की के परिवार वाले वहां पहुंच गए थे और उन्होंने जमकर हंगामा किया। और इस बाबत थाने में शिकायत लिखाई। पुलिस ने लड़की की मेडिकल जांच करवाई जिसमें दुष्कर्म और पेट में गर्भ होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार दोनों आरोपी अशोक और कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि लड़की की इन युवकों के साथ दोस्ती थी। इसी दौरान उन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस आरोपी युवकों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।